Neha Jha Samastipur Biography in Hindi | Neha Jha News Samastipur | सोशल मीडिया पर युवती के वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया
फर्स्ट एसी कोच, लग्जरी सूटकेस। सामने बैठी एक बेहद कॉन्फिडेंट युवती और बैग के अंदर छिपी शराब की ऐसी खेप, जिसने रेलवे स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों को भी चौंका दिया। बिहार में शराबबंदी लागू है, लेकिन शराब की तस्करी के लिए तस्कर अब कितने हाईप्रोफाइल तरीके अपना रहे हैं। समस्तीपुर से सामने आया यह मामला उसकी एक बड़ी मिसाल है।
नई दिल्ली से जयनगर जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जैसे ही समस्तीपुर स्टेशन पहुंची, पहले से ही अलर्ट आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने ट्रेन के एसी फर्स्ट क्लास कोच में छापेमारी शुरू कर दी। टीम की नजर एक लड़की और उसके साथ सफर कर रहे एक साथी पर पड़ी। तलाशी हुई तो युवती के पास रखे दो लग्जरी सूटकेस से ब्रांडेड शराब की बोतलें बरामद होने का दावा किया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों बैगों में करीब पचहत्तर लीटर शराब थी। हैरानी की बात ये थी कि कार्रवाई के दौरान लड़की काफी कॉन्फिडेंट और रिलैक्स नजर आ रही थी। अधिकारियों को उसके हाव-भाव से अंदाजा लगाना मुश्किल था कि उसके सामान में इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने वाली है।
गिरफ्तार युवती की पहचान समस्तीपुर के सिंघिया घाट थाना क्षेत्र के बारी गांव की रहने वाली नेहा के रूप में हुई है। वहीं उसके साथ पकड़े गए युवक की पहचान हरियाणा के करनाल निवासी ईशान कुमार के रूप में बताई गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम पहले से समस्तीपुर स्टेशन पर मौजूद थी। ट्रेन पहुंचते ही एक कोच में तलाशी अभियान चलाया गया और दोनों आरोपियों को शराब समेत ट्रेन से उतार लिया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को जीआरपी के हवाले कर दिया गया, जहां केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल ये है कि शराब की इतनी बड़ी खेप आखिर लाई कहां से गई और इसे समस्तीपुर में किसके पास पहुंचाया जा रहा था।
सोशल मीडिया पर युवती के वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। उसके लुक्स और कॉन्फिडेंस को लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं। लेकिन जांच एजेंसियों के लिए असली सवाल सोशल मीडिया नहीं, बल्कि शराब तस्करी का वह पूरा नेटवर्क है, जिसके तार इस मामले से जुड़ सकते हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से आई, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। युवती से पूछताछ में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल समस्तीपुर का यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा कर रहा है कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद आखिर तस्कर इतने बेखौफ होकर, और वह भी ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच से शराब की खेप पहुंचाने की हिम्मत कैसे कर रहे हैं।
फिलहाल इस खबर पर आपकी जो भी राय हो, कमेंट करके अपनी राय जरूर दें। ऐसी तमाम खबरों को देखने के लिए जुड़े रहिए।